
जन एक्सप्रेस /विकास नगर :- ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल, झाझरा, देहरादून द्वारा निरंतर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी जनसेवा अभियान के तहद सहसपुर स्थित द्रोणा पब्लिक स्कूल, शंकरपुर रोड में एक निःशुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों द्वारा लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं। सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के साथ-साथ ईएनटी एवं नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा समय रहते बीमारियों की पहचान एवं उपचार कराने के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वी.डी. सेमवाल, महिला चिकित्सक डॉ. स्मृति एवं ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नाज़िल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके अतिरिक्त ऑप्टोमेट्रिस्ट श्री पंकज, नर्सिंग स्टाफ सुश्री मीनाक्षी एवं फार्मासिस्ट सुश्री ममता ने भी स्वास्थ्य शिविर में महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिविर के सफल संचालन में मार्केटिंग टीम से अंशुल धीमान एवं धर्मपाल तथा सहायक निशांक ने सहयोग प्रदान किया। शिविर का समन्वय सन्नी धीमान द्वारा किया गया। शिविर के दौरान रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय के पैरामेडिकल विभाग के विद्यार्थियों द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने रोचक एवं प्रभावशाली तरीके से आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
शिविर के सफल आयोजन में सुभारती अस्पताल के हेड-मार्केटिंग एवं पब्लिसिटी डिवीजन डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर का मार्गदर्शन रहा। उन्होंने कहा कि सुभारती अस्पताल का उद्देश्य केवल अस्पताल परिसर तक स्वास्थ्य सेवाओं को सीमित रखना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। अस्पताल द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रखा जाएगा। यह स्वास्थ्य शिविर रोटरी क्लब देहरादून सेंट्रल की सदस्य श्रीमती अंजना साहनी एवं संस्थापक द्रोणा पब्लिक स्कूल प्रवीन गोयल के सौजन्य से आयोजित किया गया। उन्होंने सुभारती अस्पताल की मेडिकल टीम एवं सभी स्वास्थ्यकर्मियों का शिविर के आयोजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष रूप से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस सामाजिक एवं जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों के लिए शुभकामनाएं दीं।






