utrakhandउत्तरकाशीटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदेशदेहरादूनधर्म

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य: कृतज्ञता, प्रकृति और जीवन का शाश्वत दर्शन

चंद्रप्रकाश बहुगुणा 
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी,हरिद्वार :- जब पूरी दुनिया उगते सूर्य का स्वागत करती है, तब छठ महापर्व अस्त होते सूर्य के प्रति भी समान श्रद्धा प्रकट करने की अनूठी परंपरा का संदेश देता है। रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन उत्तरकाशी, ऋषिकेश, हरिद्वार सहित उत्तराखंड के अनेक शहरों में श्रद्धालुओं ने गंगा तटों और सरोवरों पर अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। व्रतियों ने पारंपरिक विधि-विधान से सूर्यदेव की उपासना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का वातावरण रहा।
शांतिकुंज, हरिद्वार के  रविकांत सिंह बताते हैं कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और जीवन के प्रति सम्मान का अनूठा पर्व है। इसमें अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा हमें सिखाती है कि जीवन में केवल उन्नति और सफलता का ही नहीं, बल्कि हर अवस्था और योगदान का सम्मान करना चाहिए। सूर्य का अस्त होना अंत नहीं, बल्कि नए उदय की तैयारी है। व्रती रविन्द्र यादव बताया कि यह पर्व सूर्य, जल और धरती सहित प्रकृति के सभी उपादानों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का अवसर है। बिहार, झारखण्ड से छठ व्रत करने शांतिकंुज पहुंचे व्रतियों ने बताया कि यह सामाजिक समरसता, स्वच्छता, संयम और सामूहिक सहयोग की प्रेरणा भी देता है। छठ की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हम प्रकृति के संरक्षण और समाज के प्रति सेवा के भाव को अपने व्यवहार में उतारें।
छठ की एक बड़ी विशेषता यह भी है कि इसमें जाति, वर्ग और अमीरी-गरीबी के भेद भुलाकर सभी श्रद्धालु एक ही घाट पर एकत्रित होते हैं। सबकी आस्था का केंद्र एक सूर्य और एक प्रकृति होती है। यह परंपरा सामाजिक समानता और आत्मीयता को मजबूत करती है। युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य का विचार है, ष्प्रकृति के अगणित पुत्रों में मनुष्य भी एक है।ष् यह हमें याद दिलाता है कि प्रकृति पर हमारा अधिकार नहीं, बल्कि उसके संरक्षण की जिम्मेदारी है। जलस्रोतों की स्वच्छता, वृक्षों की रक्षा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना भी हमारी आस्था का हिस्सा होना चाहिए। संध्या अर्घ्य का यह अवसर जीवन का गहरा संदेश देता है। सूर्य का अस्त होना उसके प्रकाश की समाप्ति नहीं, बल्कि नए उदय की तैयारी है। इसी तरह कठिनाइयां और असफलताएं भी जीवन का अंत नहीं होतीं। वे नए प्रयासों और संभावनाओं का मार्ग खोलती हैं। छठ महापर्व हमें कृतज्ञता, विनम्रता, सेवा और प्रकृति प्रेम को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button