उत्तर प्रदेशहरदोई

स्वर्गीय ठाकुर धर्मगज सिंह सोमवंशी की मूर्ति का किया गया अनावरण

जन एक्सप्रेस / हरदोई :   उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने हरदोई के ग्राम बाबूपुर कचनारी में आयोजित समारोह के दौरान जननायक एवं पूर्व सांसद-विधायक स्वर्गीय ठाकुर धर्मगज सिंह सोमवंशी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम का आयोजन देशराज सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण से हुई। मंत्री जयवीर सिंह ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। उनके साथ मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी पौधरोपण किया।

समारोह के दौरान आयोजित जनसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का ऑनलाइन संदेश प्रसारित किया गया। उन्होंने स्वर्गीय ठाकुर धर्मगज सिंह सोमवंशी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रतिमा अनावरण और वृद्धाश्रम के उद्घाटन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धर्मगज सिंह सोमवंशी का जीवन समाज सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा तथा वृद्धाश्रम जैसी पहल उनके सेवा-संकल्प को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

अपने संबोधन में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि स्वर्गीय ठाकुर धर्मगज सिंह सोमवंशी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और जनहित की भावना का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार विकसित भारत के संकल्प के साथ शिक्षा, जनकल्याण और सामाजिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने समाज से बुजुर्गों के सम्मान, सनातन संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने की अपील भी की।

कार्यक्रम में सांसद जय प्रकाश रावत, विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’, विधायक श्याम प्रकाश, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक बाजपेई सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button