गर्रा नदी में युवक के कूदने के बाद परिजनों ने हाईवे पर लगाया जाम

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र के म्योढ़ा बरौलिया गांव के पास नए बने गर्रा पुल से बुधवार दोपहर एक युवक नदी में कूद गया। दूसरे दिन भी युवक का कोई सुराग न मिलने से आक्रोशित परिजनों ने गुरुवार को गर्रा पुल के पास कटरा-बिल्हौर हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम लगने से हाईवे के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जलपीपुर गांव निवासी विमलेश (30) पुत्र श्रीपाल बुधवार दोपहर नशे की हालत में घर से नाराज होकर निकला था। बताया गया कि वह म्योढ़ा बरौलिया गांव के पास नए बने गर्रा पुल पर पहुंचा और नदी में कूद गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने एसडीआरएफ को भी सूचना दी थी।

गुरुवार को दूसरे दिन भी युवक का पता नहीं चलने पर परिजन आक्रोशित हो गए और गर्रा पुल के पास कटरा-बिल्हौर हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन वे युवक की तलाश जल्द शुरू कराने की मांग पर अड़े रहे। इससे हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और काफी देर तक वाहन जाम में फंसे रहे।
इसी दौरान एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और नदी में युवक की तलाश शुरू कर दी। टीम द्वारा खोजबीन शुरू किए जाने के बाद परिजनों ने युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद जताई।






