
जन एक्सप्रेस /विकास नगर :- शहर में शाम के साथ ही एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिल रहा है। कई रेस्टोरेंट और फास्ट फूड की दुकानों पर खुलेआम शराब परोसने का कथित कारोबार जोरों पर चलने लगा है। व्यापार मंडल उपाध्यक्ष एवं पूर्व छात्र नेता राहुल शर्मा ने कहा कि यदि पुलिस ने शीघ्र ही इस पर कार्रवाई नहीं की गई तो मामले में पुलिस कप्तान को जल्द ही एक शिकायत पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की आंखों के सामने यह सब हो रहा है, लेकिन सवाल यह है कि आखिर संबंधित विभाग और पुलिस कब तक आंखें मूंदे बैठे रहेंगे? सवाल सीधे-सीधे है,क्या इन प्रतिष्ठानों को शराब परोसने की कोई अनुमति है? अगर नहीं, तो इनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? जब आम आदमी को सब कुछ दिख रहा है, तो क्या पुलिस और प्रशासन को इसकी भनक नहीं लगती? या फिर जानकारी होने के बावजूद जानबूझकर देरी की जा रही है? शहर की कानून-व्यवस्था और युवाओं को नशे के जाल से बचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। लेकिन फिलहाल हालात ऐसे हैं कि नियम-कानून का उल्लंघन खुलेआम हो रहा है। लोगों का कहना है कि बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, वरना यह ‘खेल’ और फैलता जाएगा।
इस संबंध में पुलिस क्षेत्र अधिकारी विकास नगर आदित्य तिवारी ने कहा कि क्षेत्र में सघन अभियान चलाया जाएगा। लेकिन जनता पूछ रही है—यह अभियान कब शुरू होगा? कहा की और कब बंद होगा खुलेआम शराब परोसने का यह खेल? प्रशासन से मांग है कि अब और देरी न की जाए। सभी संदिग्ध रेस्टोरेंट और दुकानों की जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। वरना शहर की कानून-व्यवस्था और युवा पीढ़ी दोनों पर सवालिया निशान लगते रहेंगे।






