
जन एक्सप्रेस /चिन्यालीसौड़ :- रेनबो इंटरनेशनल एकेडमी, चिन्यालीसौड़ में कला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और लेखन कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को यूथ सु यूथ ग्रुप के सदस्यों ने प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
विद्यालय में 9 अक्टूबर 2026 को कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए कला प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं, कक्षा छह से आठ तक के जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने ‘मेरा शहर, समस्याएं और सुधार’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता में भाग लिया। इससे पूर्व दो अक्टूबर को भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिताओं में इन विद्यार्थियों ने मारी बाजी
भाषण प्रतियोगिता में कक्षा सात के अंश ने प्रथम, दिव्यांशु ने द्वितीय और कक्षा चार के श्रेयांस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कला प्रतियोगिता में कक्षा पांच की कुमारी नैंसी प्रथम, कक्षा दो की कुमारी प्रेरणा द्वितीय और कक्षा एक की कुमारी आरोही आर्य तृतीय स्थान पर रहीं। इसी तरह, ‘मेरा शहर, समस्याएं और सुधार’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में कक्षा छह की कुमारी वैष्णवी ने प्रथम, कक्षा आठ के रोबिन ने द्वितीय और कक्षा सात के अभिषेक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बच्चों की रचनात्मकता की सराहना
प्रतियोगिताओं के समापन पर यूथ सु यूथ ग्रुप के सदस्यों ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस दौरान सदस्यों ने बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि रेनबो इंटरनेशनल एकेडमी के विद्यार्थी कला और भाषण सहित विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश नाथ ने विद्यार्थियों के कौशल विकास और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए यूथ सु यूथ ग्रुप का विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस पहल को बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया। कार्यक्रम में यूथ सु यूथ ग्रुप के सदस्य क्रिस पवार, स्मृति रावत, श्वेता भट्ट, कनिष्का महंत, सक्षम नौटियाल और साहिल असवाल उपस्थित रहे। इसके साथ ही विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।






