कड़ाके की ठंड में गरीबों के लिए सहारा बने मंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह

जन एक्सप्रेस/अमेठी: कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों के लिए राहत की गर्माहट लेकर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री तथा तिलोई विधानसभा के लोकप्रिय विधायक राजा मयंकेश्वर शरण सिंह ने ग्राम पंचायत पन्हौना में आयोजित भव्य कंबल वितरण कार्यक्रम में हजारों गरीबों को कंबल वितरित किए।इस पुनीत कार्य में तिलोई ब्लॉक प्रमुख मुन्ना सिंह एवं सिंहपुर ब्लॉक प्रमुख अंकित पासी ने सहभागिता निभाते हुए आयोजन को नई ऊंचाई दी। कार्यक्रम का सफल आयोजन ग्राम प्रधान मिंटू सिंह द्वारा किया गया, जो विगत कई वर्षों से निरंतर जरूरतमंदों के लिए यह सेवा अभियान चला रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। ठंड से किसी भी गरीब का जीवन प्रभावित न हो, इसके लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं। कंबल पाकर बुजुर्गों, महिलाओं और असहाय लोगों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ झलकता रहा। आयोजन स्थल पर सेवा, संवेदना और सामाजिक समर्पण का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।






