Natural Disasterउत्तराखंडचमोलीपर्यावरण

चमोली में बादल फटने से मचा हड़कंप, मोक्ष नदी उफान पर

धुरमा गांव में मंगलवार सुबह फटा बादल, SDRF की टीम मौके पर रवाना, मोक्ष नदी का जलस्तर बढ़ा, निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

जन एक्सप्रेस/चमोली(उत्तराखण्ड) : उत्तराखंड के चमोली जिले में मंगलवार सुबह नंदानगर विकासखंड के ग्राम धुरमा में बादल फटने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। इस आपदा के चलते मोक्ष नदी में अचानक भारी उफान आ गया, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन ग्रामीणों के घरों में पानी घुसने से नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

प्राकृतिक आपदा की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया है, जो राहत व बचाव कार्य में जुट गई है। स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है और हालात पर नजर बनाए हुए है। गांववासियों ने बताया कि अचानक बादल फटने के बाद मोक्ष नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और पानी गांव के कई घरों और खेतों में घुस गया। इससे लोगों में डर और दहशत का माहौल है।

पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और जलभराव की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऊंचाई वाले स्थानों पर शरण लें और अफवाहों से बचें। आपदा प्रबंधन टीम राहत कार्यों में तेजी से लगी हुई है और हालात पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button