हरदोई में विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता रैली, 11 से 18 जुलाई तक चलेगा परिवार नियोजन अभियान

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में शनिवार को जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जिला पुरुष चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा छोटे परिवार के लाभ के प्रति जागरूक किया गया।
छोटे परिवार से स्वस्थ और समृद्ध समाज का निर्माण
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चंद्र कुमार ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस का उद्देश्य लोगों को परिवार नियोजन के महत्व के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ, समृद्ध एवं खुशहाल परिवार की अवधारणा को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि छोटा परिवार न केवल मां और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की नींव है, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
रैली में दिया गया जागरूकता का संदेश
रैली के दौरान आमजन को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जिम्मेदार अभिभावक बनने के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में डॉ. मधुलिका शुक्ला, गरिमा शुक्ला, शशि देवी, इंद्रभूषण सिंह, किन्दरलाल, स्नेहा मिश्रा, मृदुल पांडे सहित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, निर्मला नर्सिंग इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राएं, स्वास्थ्यकर्मी और अधिकारी मौजूद रहे।
11 से 18 जुलाई तक चलेगा परिवार नियोजन अभियान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पांडे ने बताया कि जनपद में 11 से 18 जुलाई तक विशेष परिवार नियोजन जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान आशा, एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के सुरक्षित एवं प्रभावी साधनों की जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि जिला महिला चिकित्सालय, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर परिवार नियोजन की निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध हैं।
सीएमओ की अपील
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे परिवार नियोजन संबंधी जानकारी प्राप्त करें और अपनी आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाकर स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार के निर्माण में सहयोग करें।






