सीतापुर- विधायक ज्ञान तिवारी का थाने में फूटा गुस्सा

जन एक्सप्रेस /सीतापुर: सेवता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी का मंगलवार को गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब वे थानगांव थाना पहुंचे और वहां पुलिस और राजस्व विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने मौके पर मौजूद एसओ अतुल शुक्ला, राजस्वकर्मियों और अन्य अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट शब्दों में चेताया कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना अब बर्दाश्त नहीं होगा।
विधायक ने खासतौर पर करबलापुरवा गांव की गाटा संख्या 1076 पर अवैध कब्जे का मामला उठाया और तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की उदासीनता जनता के साथ अन्याय है और इसमें किसी भी स्तर की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
सबसे गंभीर आरोप विधायक ने पुलिस पर लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं से भी पैसे मांग रही है, जो अत्यंत शर्मनाक और अस्वीकार्य है। इस दौरान उन्होंने हलीमनगर चौकी प्रभारी आर.डी. रावत पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को खुली चेतावनी दी कि “भाजपा की सरकार में सपा के लोग अब खीर नहीं खा सकते।”
विधायक ने यह मामला सिर्फ थाने तक ही सीमित नहीं रखा, बल्कि सोशल मीडिया पर पूरी घटना का वीडियो पोस्ट कर दिया, जिससे यह मामला और भी गर्मा गया। उन्होंने अपने पोस्ट में अधिकारियों को सीधे तौर पर कहा कि शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई अब सहन नहीं की जाएगी और लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई तय है।
इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं, जबकि जनता विधायक की इस कार्यवाही को सख्ती से जुड़ा जनहितकारी कदम मान रही है। अब देखना यह है कि पुलिस और राजस्व विभाग में इस चेतावनी के बाद क्या बदलाव देखने को मिलता है।






