उत्तराखंड

अशोक चड्ढा मर्डर केस में 4 आरोपित गिरफ्तार, 2 फरार

हरिद्वार । कनखल के बैरागी कैंप में रिटायर्ड सिंचाई कर्मचारी की गला रेतकर हत्या के मामला का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के मामले में 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपित अभी भी फरार हैं। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है।

11 सितम्बर की देर शाम कनखल के बैरागी कैंप में रिटायर्ड सिंचाई कर्मचारी अशोक चड्ढा की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस को शुरुआती जांच में सेवाश्रम में बतौर केयर टेकर नियुक्त नरेन्द्र शक के घेरे में था, लेकिन पुलिस की जांच में हत्यारे सेवाश्रम के किराएदार और उनके साथी निकले।

रोशनाबाद कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि सेवाश्रम से बाहर निकाले गए किराएदार भानू और संदीप अक्सर मृतक के कमरे में झाड़ू-पोछा किया करते थे। इस दौरान कमरे में टांगी गई चाबियों के छल्ले, बिस्तर के नीचे रखे कागजात और बच्चों के अच्छे रोजगार में लगे होने के चलते आरोपितों को मृतक के कमरे में मोटी रकम होने का अंदाजा था, जिसके चलते लूट की वारदात को अंजाम देने का प्लान बनाया गया।

 

उन्होंने बताया कि सेवाश्रम से बाहर निकाले गए किराएदारों को नशा करने की आदत होने के चलते शाम को सभी एक साथ मिले, जहां नशा करने के दौरान कुछ साथी और मिले। इस दौरान लूट का प्लान बनाया। आरोपितों ने बाहर से नकली नोट मंगाकर उनकी काट-छांट करने और तैयार नकली नोटों के असली नोटों की गड्डियों के बीच रखकर नशा सामग्री खरीदने की बात भी सामने आयी है, जिस सम्बन्ध में जांच जारी है।

एसएसपी ने बताया कि मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने 3500 से अधिक ई-रिक्शा को चेक करने के पश्चात पूरी वारदात का खुलासा करते हुए हत्या, लूट में शामिल मुख्य अभियुक्त सहित 04 अभियुक्तों को दबोचने में सफलता हासिल की। टीम ने अभियुक्तों की निशानदेही पर श्रीयंत्र पुल के नजदीक से घटना में प्रयुक्त पाटल, मृतक के खून से सने आरोपितों के कपड़े व लूट के दौरान मृतक के कुर्ते से निकाले गए 7000 रुपये बरामद किए। प्रकरण में शामिल 02 अन्य आरोपित फरार चल रहे हैं जिनकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button