उत्तराखंडदेहरादून

संविदा मजदूरों के आधार सत्यापन में लापरवाही पर डीएम सख्त

जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखण्ड) : जिले में संविदा पर कार्यरत मजदूरों के आधार कार्ड सत्यापन में लापरवाही पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे आज ही सभी संविदा कर्मियों की सत्यापन रिपोर्ट शासन को प्रेषित करें।

जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर विगत 18 मई को ही सभी नगर निकायों को कूड़ा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट मरम्मत और अन्य संविदात्मक कार्यों में लगे मजदूरों के आधार कार्ड का सत्यापन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके अब तक किसी भी निकाय द्वारा रिपोर्ट नहीं भेजी गई, जिसे जिलाधिकारी ने शासकीय कार्य में गंभीर लापरवाही करार दिया।

अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने जानकारी दी कि सत्यापन रिपोर्ट न भेजने से शासन स्तर पर भी कार्य प्रभावित हो रहा है। यह स्थिति प्रशासनिक जवाबदेही पर भी सवाल खड़ा करती है।

डीएम सविन बंसल ने दोहराया कि राज्य सरकार संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों के आधार कार्ड सत्यापन को अनिवार्य कर चुकी है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य कर्मचारियों की पहचान की पुष्टि करना और यह सुनिश्चित करना है कि वे सरकारी योजनाओं और लाभों के लिए पात्र हैं या नहीं।

उन्होंने निर्देश दिए कि नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतें आज ही आधार कार्ड सत्यापन रिपोर्ट तैयार कर सचिव, गृह विभाग, उत्तराखंड शासन को भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लापरवाही पर संबंधित निकायों के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button