
जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखण्ड) : कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धा के इस पर्व में बुधवार रात अश्लीलता और हंगामे ने माहौल को बिगाड़ दिया। नारसन कस्बे के मोहम्मदपुर जटगांव में कट के पास दो डीजे संचालकों के बीच चल रही प्रतियोगिता ने अचानक विवाद का रूप ले लिया। बुलंदशहर के ‘राजपूत डीजे’ और गाजियाबाद के ‘गोस्वामी डीजे सिहानी’ के बीच मुकाबले के दौरान गोस्वामी डीजे पर सवार एक कांवड़ यात्री ने मंच से अश्लील इशारे करने शुरू कर दिए और माइक पर आपत्तिजनक टिप्पणियाँ कीं। इससे भीड़ भड़क उठी और देखते ही देखते सड़क पर भारी जाम लग गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन मौजूद लोगों ने बात मानने से इनकार कर दिया। इसी दौरान डीजे में शामिल एक किन्नर और उसके साथी पुलिसकर्मियों से उलझ गए और उनके साथ अभद्रता की। माहौल बिगड़ता देख पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। अफरा-तफरी के दौरान एक दरोगा नीचे गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए किन्नर नेहा सहित कुशल कुमार, हिमांशु और संगम (सभी निवासी नूरनगर, सिहानी, गाजियाबाद) को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की।
दूसरी ओर, पुलिस को उलझता देख दूसरा डीजे संचालक मौके से भाग निकला और उसके साथ मौजूद युवक भी भीड़ में गुम हो गए। पुलिस ने देर रात तक स्थिति को काबू में लिया और जाम खुलवाया। श्रद्धा की आड़ में अश्लीलता और अनुशासनहीनता जैसी घटनाएं कांवड़ यात्रा की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं। पुलिस ने समय पर कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रण में जरूर लिया, लेकिन यह घटना भविष्य में सख्त निगरानी और नियमों की सख्ती की मांग करती है।






