
जन एक्सप्रेस गोपेश्वर। चमोली जनपद में 108 आपातकालीन सेवा में तैनात इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) गौरव कुमार (22) पिछले तीन दिनों से लापता हैं। 13 अगस्त की रात गौरव, मरीज को थराली से श्रीनगर ले जा रहे थे, लेकिन कर्णप्रयाग के सिमली क्षेत्र में बारिश के चलते मार्ग अवरुद्ध होने पर वह रास्ता देखने के लिए नीचे उतरे और फिर वापस नहीं लौटे।
सहकर्मियों और परिजनों ने सौंपा ज्ञापन
शुक्रवार को गौरव के परिजन और 108 सेवा के साथी कर्मचारी कलेक्ट्रेट पहुंचे, लेकिन अवकाश होने के चलते वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय गए और एसपी को ज्ञापन सौंपकर गौरव को जल्द ढूंढने की अपील की।
गौरव की बुआ सरिता चौहान ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि पास में कोई वाहन फंसा था, जिसे निकालने में गौरव मदद कर रहा था। आशंका है कि इसी दौरान वह खाई में गिर गया और नीचे बह रही आटागाड़ नदी में बह गया हो।
इकलौता बेटा, परिवार गहरे सदमे में
गौरव, अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। पिता हृदय रोगी हैं और छोटी बहन अभी पढ़ाई कर रही है। बेटे की खबर न मिलने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
स्थानीय लोग और सहकर्मी कर रहे तलाश
गांव के लोग, 108 के कर्मियों के साथ मिलकर बृहस्पतिवार और शुक्रवार को लगातार घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन कर रहे हैं। घटनास्थल पर से गौरव का छाता बरामद हुआ है, जिससे आशंका और गहराती जा रही है।
ज्ञापन सौंपने वालों में ये रहे शामिल
कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपने वालों में राहुल, हरीश, भूपेश, दिपेंद्र, अमित, जयेंद्र, केशव, प्रदीप, रजनी, मंजू, सुरेंद्र, राकेश, ताजबर, तरुण आदि 108 सेवा के कर्मचारी शामिल रहे।






