जूबाए चुनाव परिणाम : अध्यक्ष बने करुणा शंकर मिश्र, कौशलेश बने महामंत्री

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जिले में जूनियर बार एसोसिएशन ‘पुरातन’ के चुनाव में करुणाशंकर मिश्र अध्यक्ष निर्वाचित हुए और कौशलेश त्रिपाठी महामंत्री बने। जूबाए चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी करुणा शंकर मिश्र ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जेपी मिश्रा को पीछे छोड़ते हुए 584 मत हासिल कर विजयी हुए तो वहीं जे पी मिश्र ने 572 मत हासिल किया। महामंत्री पद के दावेदार कौशलेश पति त्रिपाठी ने 865 वोट हासिल कर अपनी जीत दर्ज की। इसके साथ ही उपाध्यक्ष पद पर आशीष श्रीवास्तव व रवि कुमार द्विवेदी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर वीर विक्रम सिंह व रिजवान हुसैन, कोषाध्यक्ष पद पर आनंद कुमार पाण्डेय, संयुक्त मंत्री प्रशासन के पद पर अभिनव प्रताप सिंह, प्रकाशन मंत्री सतीश तिवारी एवं सदस्य कार्यकारिणी में आलोक शुक्ल, अभिनव मिश्र, आशीष मिश्र, मनीष मिश्र, आशीष पाण्डेय व राकेश पाण्डेय ने जीत हासिल की। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। परिसर में मिठाइयां बांटी गईं और विजयी उम्मीदवारों के समर्थन में नारे लगाए गए। मतगणना के दौरान कचहरी परिसर में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल था। नवनिर्वाचित अध्यक्ष करुणा शंकर मिश्र ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। महामंत्री कौशलेश पति त्रिपाठी ने भी सहयोग और एकजुटता के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।






