
जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :- उत्तराखंड मूल के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं असम के पूर्व पुलिस महानिदेशक बीडी खर्कवाल का 17 सितंबर को 90 वर्ष की आयु में बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन पर उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे पुलिस एवं प्रशासनिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
सेवानिवृत्ति के बाद बीडी खर्कवाल हल्द्वानी के जज फार्म क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे थे। उनका कुमाऊं और हल्द्वानी से लंबे समय से पारिवारिक एवं प्रशासनिक जुड़ाव रहा। उनके परिवार में पत्नी नीलिमा खर्कवाल, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पुत्र अमिताभ खर्कवाल भारतीय डाक सेवा में महानिदेशक पद से वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हुए।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी की उपस्थिति में नैनीताल पुलिस, एसएसबी और सीआरपीएफ के अधिकारियों ने उनके हल्द्वानी स्थित आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान अधिकारियों ने उनके पुलिस सेवा में योगदान को याद करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इसके बाद पार्थिव शरीर को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट ले जाया गया, जहां परिजनों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
बीडी खर्कवाल ने अपने लंबे पुलिस सेवाकाल में असम-मेघालय कैडर में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 1993-94 में उन्होंने असम के पुलिस महानिदेशक के रूप में सेवाएं दीं। वर्ष 1990 में असम में उल्फा उग्रवादियों के खिलाफ शुरू किए गए ऑपरेशन बजरंग के दौरान भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी।
उन्होंने उत्तराखंड में एसएसबी रानीखेत और इंटेलिजेंस ब्यूरो नैनीताल में भी सेवाएं दी थीं। नैनीताल पुलिस ने दिवंगत पूर्व डीजीपी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।






