मां नंदा देवी महोत्सव को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, एसपी ने फोर्स को किया ब्रीफ

जन एक्सप्रेस /नैनीताल :- 18 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मां नंदा देवी महोत्सव को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है।
इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने मल्लीताल स्थित गोवर्धन हॉल में महोत्सव ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को मेला क्षेत्र में सतर्क रहने, श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस की ओर से मेला क्षेत्र में क्राउड कंट्रोल, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी, चेकिंग और फ्रिस्किंग के साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने के साथ डॉग स्क्वॉड, बीडीएस, अग्निशमन, ड्रोन और संचार टीमों को भी सक्रिय रखा जाएगा।
शोभायात्रा और कदली वृक्ष के नगर भ्रमण के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी ने पुलिसकर्मियों से महोत्सव के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए ड्यूटी का निर्वहन करने को कहा।






