
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी। बड़कोट नगर पालिका में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाजपा के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अतोल रावत ने वर्तमान पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल और अधिशासी अधिकारी दयानंद सेमवाल पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए कहा कि पालिका में बड़े पैमाने पर घोटाले हो रहे हैं।अतोल रावत ने बताया कि उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत तिरंगा लाइट और पानी की टंकियों की खरीद का विवरण मांगा था, जिसमें कई अनियमितताएँ सामने आईं। उनका दावा है कि नौगांव नगर पंचायत ने जिस तिरंगा लाइट को कम कीमत पर खरीदा, उसी लाइट को बड़कोट नगर पालिका ने 16 दिन बाद उसी ठेकेदार से अधिक दरों पर खरीदा। रावत के अनुसार यह साफ तौर पर वित्तीय अनियमितता का संकेत देता है। उन्होंने अन्य कई कार्यों में भी घोटाले किए जाने का आरोप लगाया है।इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बड़कोट के पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। डोभाल ने कहा कि रंवाई उत्सव मेला अत्यंत सफल रहा और जनता का भरपूर सहयोग मिला, जिसके चलते राजनीतिक विरोधियों द्वारा इस तरह के आरोप लगना आम बात है।खरीद प्रक्रिया पर सफाई देते हुए डोभाल ने स्पष्ट किया कि तिरंगा लाइट सहित सभी सामग्री की खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से की गई है, जहां दरें पोर्टल स्वयं तय करता है। अतः खरीदारी में किसी भी तरह की हेरफेर या अनियमितता की संभावना नहीं है।






