उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

मनरेगा कानून खत्म करने के विरोध में कांग्रेसियों ने गांधी प्रतिमा पर किया भूख हड़ताल

मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जौनपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, राजेश तिवारी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा मनरेगा कानून समाप्त किए जाने के विरोध में सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर एकदिवसीय भूख हड़ताल का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी जौनपुर के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने की।

इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार पूंजीपतियों और उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए गरीबों और मजदूरों के अधिकार छीन रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा कानून को खत्म कर सरकार गरीबों को गुलाम बनाने की साजिश कर रही है।

राजेश तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और महिलाओं के लिए रोजगार की गारंटी साबित हुई थी और इससे गांव से शहर की ओर पलायन रुकने में मदद मिली। लेकिन वर्तमान सरकार गरीब और मजदूर विरोधी नीतियां अपना रही है।

उन्होंने संघ और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि गांधी के नाम से नफरत के चलते मनरेगा कानून को समाप्त किया जा रहा है। साथ ही सरकार को बेरोजगारी, सीमा सुरक्षा और विदेश नीति के मुद्दों पर पूरी तरह विफल बताया।

कई नेताओं ने किया संबोधन

उपवास सभा को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव मणीन्द्र मिश्रा, मनरेगा बचाओ संग्राम के कोऑर्डिनेटर डॉ. राकेश मिश्र मंगाला गुरु, प्रदेश सचिव पंकज सोनकर, पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्रभुवन सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष लालजीत चौहान सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

उपवास स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी का प्रिय भजन “रघुपति राघव राजाराम” गाकर कार्यक्रम को सांकेतिक श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा सिंह, सेवादल जिलाध्यक्ष आरिफ सलमानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा कानून को पुनः प्रभावी नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button