अमेठी में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर आरोप

जन एक्सप्रेस/अमेठी: भारतीय जनता पार्टी अमेठी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस फर्जी नाम जुड़वाने और दलित, पिछड़ा व सामान्य वर्ग के वास्तविक मतदाताओं के नाम जानबूझकर कटवाने की साजिश रच रही है। आरोपों को लेकर भाजपा के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि अमेठी में कांग्रेस का पुराना इतिहास लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को जनता पर भरोसा नहीं है, इसलिए वह हर चुनाव में मतदाता सूची से छेड़छाड़ जैसे हथकंडे अपनाती है। शुक्ला ने दावा किया कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में जगदीशपुर विधानसभा के ग्राम थौरी और गौरीगंज विधानसभा के गुर्जर टोला में फर्जी मतदान कराया गया था, जिसे जनता आज तक नहीं भूली है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में चल रहे पुनरीक्षण अभियान के दौरान कांग्रेस समर्थित लोग सुनियोजित ढंग से फर्जी नाम दर्ज कराने और भाजपा समर्थक मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास कर रहे हैं। चार फरवरी 2026 को ग्राम ठेंगहा, तहसील अमेठी के बूथ संख्या 207 व 208 पर कांग्रेस जिला सचिव राकेश कुमार मौर्य एवं उनकी पत्नी द्वारा पुनरीक्षण कार्य में बाधा डालने, कार्यकर्ताओं को धमकाने और माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। विरोध के बाद वे मौके से चले गए।भाजपा नेताओं का आरोप है कि इसके बाद जिला सचिव द्वारा भाजपा जिला अध्यक्ष को बदनाम करने की नीयत से उप जिलाधिकारी को झूठा और मनगढ़ंत प्रार्थना पत्र दिया गया। भाजपा ने इसे प्रशासन को गुमराह करने की कोशिश बताया।भाजपा जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन करेगी प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।






