हमीरपुर में डीआईजी राजेश एस. का सदर कोतवाली निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताई संतुष्टि

जन एक्सप्रेस/हमीरपुर: राजेश एस (डीआईजी, चित्रकूट रेंज) ने शुक्रवार को सदर कोतवाली हमीरपुर का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। उनके पहुंचते ही पुलिस गार्द ने उन्हें सलामी दी, जिसके बाद उन्होंने कोतवाली परिसर के विभिन्न विभागों का निरीक्षण शुरू किया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने लॉकअप, क्राइम रजिस्टर, महिला हेल्पडेस्क, साइबर हेल्पडेस्क, सीसीटीएनएस रूम, विवेचना कक्ष, ई-मालखाना, पुलिस बैरक और मैस सहित सभी व्यवस्थाओं को विस्तार से देखा। साथ ही कोतवाली परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता की भी जांच की गई।
डीआईजी ने अभिलेखों का गहन परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से महिला सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया और मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए साइबर हेल्पडेस्क को मजबूत करने पर भी बल दिया गया।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि वे आम जनता, खासकर महिलाओं और छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक करें। इसमें महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 का विशेष रूप से प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान कोतवाली परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को देखकर डीआईजी ने संतोष व्यक्त किया और संबंधित स्टाफ की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने चौकीदारों को टॉर्च वितरित किए और उनसे संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
डीआईजी ने चौकीदारों और पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि वे अपनी ड्यूटी के दौरान पूरी तरह सतर्क रहें और क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जमीन विवाद और आपसी रंजिश जैसे मामलों में विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है, ताकि किसी भी घटना को होने से पहले ही रोका जा सके।
इस निरीक्षण के दौरान दिक्षा शर्मा (पुलिस अधीक्षक), अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।






