प्रेम प्रसंग में जानलेवा हमला: साइकिल सवार युवक को गोली, तीन किशोर गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/शाहगंज: शाहगंज तहसील के पटैला मार्ग स्थित सेंवई नाला पुल पर तीन दिन पहले 22 वर्षीय सचिन मौर्या को बदमाशों ने गोली मार दी। सचिन साइकिल से मंडी से लौट रहे थे जब बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर कमर पर गोली चला दी। घायल सचिन को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, तीन किशोर गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सर्विलांस और छानबीन के दौरान पुलिस ने शुक्रवार को पटैला बाजार से तीन नाबालिग आरोपितों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए किशोरों में 17 वर्षीय अनुराग उर्फ मंगला, 17 वर्षीय छोटू उर्फ कृष्ण कुमार मिश्रा, और 16 वर्षीय प्रिंस यादव शामिल हैं। सभी को आवश्यक लिखापढ़ी के बाद सुधार गृह भेज दिया गया।
प्रेम प्रसंग के चलते रची गई साजिश
पुलिस की जांच में सामने आया कि सचिन का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपित किशोरों ने बताया कि उन्होंने सचिन को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन सचिन नहीं माने। इसके बाद, उन्होंने उसे जान से मारने की साजिश रची। घटना के समय अनुराग बाइक चला रहा था, जबकि तमंचा से फायर करने वाला मुख्य आरोपित अब भी फरार है।
परिवार में पसरा मातम, मुख्य आरोपित की तलाश जारी
घटना के बाद सचिन के परिवार में मातम छाया हुआ है। उनके पिता सूरत में नौकरी करते हैं, जबकि सचिन अपनी मां और भाई के साथ गांव में रहते हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। थाना अध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि जल्द ही फरार आरोपित को भी पकड़ लिया जाएगा।