उत्तरकाशी

एसआईआर बैठक के विवाद में ठुकराल पर मुकदमा, आवास पहुंची पुलिस; बेहड़ एसएसपी कार्यालय में धरने पर बैठे

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :-  मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की समीक्षा बैठक में विधायक शिव अरोड़ा और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के बीच हुए विवाद के बाद जिले की सियासत गरमा गई है। सहायक निर्वाचन अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, ठुकराल की ओर से दी गई तहरीर की भी पुलिस जांच कर रही है।

सोमवार को कलेक्ट्रेट में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में एसआईआर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान विधायक शिव अरोड़ा और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर विधायक अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। विधायक की ओर से ठुकराल पर गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए तथा कार्रवाई की मांग की गई।

देर रात सहायक निर्वाचन अधिकारी की तहरीर पर पंतनगर थाने में राजकुमार ठुकराल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद विधायक समर्थकों ने धरना समाप्त कर दिया। दूसरी ओर, ठुकराल ने भी सिडकुल पुलिस को तहरीर देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है, जिसकी जांच की जा रही है।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस की चार गाड़ियां पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के एलायंस कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचीं। बताया गया कि उस समय उनकी पत्नी घर पर मौजूद थीं, जबकि ठुकराल घर से बाहर गए हुए थे। पूर्व विधायक के नहीं मिलने पर पुलिस टीम वापस लौट गई।

मामले की जानकारी मिलने पर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक के खिलाफ दबाव में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना वारंट पुलिस उनके आवास पर कैसे पहुंची। इस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

इसके बाद विधायक तिलक राज बेहड़ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस कार्रवाई पर जवाब मांगा।

एसएसपी कार्यालय पर धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया, जिससे मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

एसआईआर की समीक्षा बैठक से शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई और राजनीतिक टकराव में बदल गया है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें दिए जाने के बाद पुलिस जांच कर रही है। अब जांच के आधार पर होने वाली आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button