utrakhandउत्तरकाशीराजनीतिराज्य खबरेंशहर खबरें

मानव-वन्यजीव संघर्ष के कारण तलाशेगा वैज्ञानिक शोध, रुद्रप्रयाग वन प्रभाग में अध्ययन शुरू

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :-  मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं के कारणों को वैज्ञानिक तरीके से समझने और उनके प्रभावी न्यूनीकरण के लिए रुद्रप्रयाग वन प्रभाग में शोध कार्य शुरू हो गया है। उप वन संरक्षक विनीत कुमार के दिशा-निर्देशन में Salim Ali Centre for Ornithology and Natural History (SACON) के वैज्ञानिकों एवं रिसर्च फेलो की छह सदस्यीय टीम अध्ययन कर रही है। टीम का नेतृत्व डॉ. शेखोम इनोओतोम्बी कर रहे हैं।

शोध के दौरान हिमालयी भालू, गुलदार, जंगली सुअर, बंदर और लंगूर से संबंधित मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं का विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा। टीम ने अध्ययन की शुरुआत दक्षिणी जखोली रेंज के हिमालयी भालू के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों से की है। इसके तहत उच्छना, पालाकुराली और त्यूंखर समेत आसपास के गांवों में जानकारी जुटाई जा रही है।

शोध टीम संघर्ष की घटनाओं के पीछे छिपे प्राकृतिक और मानवीय कारणों का विश्लेषण कर रही है। वन्यजीवों के लिए भोजन की उपलब्धता, मौसम, आवासीय परिस्थितियां, शिकार की उपलब्धता, मानवीय गतिविधियां और स्थानीय समुदाय के अनुभवों को अध्ययन का हिस्सा बनाया गया है। क्षेत्रीय स्तर पर प्राप्त जानकारियों के आधार पर यह समझने का प्रयास किया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में मानव और वन्यजीवों के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

यह अध्ययन रुद्रप्रयाग वन प्रभाग की सभी रेंजों में किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों से जुटाए गए आंकड़ों और जानकारियों का विश्लेषण करने के बाद निष्कर्ष एवं सुझावों को शामिल करते हुए विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके आधार पर मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुरूप प्रभावी रणनीतियां विकसित करने में मदद मिलेगी।

उप वन संरक्षक विनीत कुमार ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की बदलती परिस्थितियों को समझने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन और निरंतर निगरानी बेहद जरूरी है। अध्ययन से संघर्ष के प्रमुख कारणों की बेहतर समझ विकसित होगी और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप संरक्षण एवं संघर्ष न्यूनीकरण के प्रभावी उपाय लागू करने में सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button