मणिपुर की हिंसा में सीमा पार तथा पश्चिम बंगाल की हिंसा में वहां की सरकार जिम्मेदार : डा. शर्मा
सीमा हैदर के सवालों पर काटी कन्नी

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बहराइच। प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि मणिपुर की हिंसा के लिए सीमा पार के लोग तथा पश्चिम बंगाल की हिंसा के लिए वहां की सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले लोगों से पार्टी नेताओं को कोई आपत्ति नहीं है। पत्रकारों की ओर से सीमा हैदर पर किए गए सवालों से पूर्व उप मुख्यमंत्री स्वयं का बचाव करते रहे। वह इस प्रकार के सवालों से कन्नी काटते नजर आए।
पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉक्टर शर्मा शनिवार को अपराहन भाजपा नेता राम किशोर गुप्ता के आवास पर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। एक सवाल के जवाब में पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनकी हत्या हो रही है, बंगाल सरकार की पुलिस उन्हीं के परिजनों को बंद कर रही है। वहीं मणिपुर में हो रही हिंसा को लेकर उन्होंने कहा कि सीमा पार के लोगों को शांति पच नहीं रही है।
पाकिस्तान से आई सीमा हैदर को लेकर सवाल किया गया। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को चुनौती देते हुए देश के अंदर घुसने वाली पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर के सवालों से डिप्टी सीएम बचते नजर आए। इस दौरान जिलाध्यक्ष श्याम करण तेकड़ीवाल, सांसद अक्षयवर लाल गोंड, विधायक सुभाष त्रिपाठी, निशंक त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष रण विजय सिंह, मनोज मिर्ची, प्रोफेसर कृष्ण कुमार समेत अन्य शामिल रहे।






