UP POLICEउत्तर प्रदेशपीलीभीतहादसा

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार सिपाही और उसके मित्र को कुचला

जन एक्सप्रेस/पीलीभीत: थाना सुनगढ़ी क्षेत्र अंतर्गत टनकपुर हाईवे पर स्थित गोहनिया चौराहे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार सिपाही शिवम बालियान और उसके मित्र बॉबी चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों के शव क्षत-विक्षत अवस्था में चौराहे पर पड़े मिले। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवम बालियान पीलीभीत जनपद के थाना सुनगढ़ी में सिपाही के पद पर तैनात था। रविवार रात लगभग 12:30 बजे वह अपने मित्र बॉबी चौधरी, जो जाटों के चौराहा का निवासी था, के साथ बाइक से गोहनिया चौराहे की ओर जा रहा था। इसी दौरान चौराहे पर टनकपुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई और उनके शवों के चिथड़े उड़ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत शवों को काफी प्रयासों के बाद एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने शवों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी और मौके से फरार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन चालक की पहचान की जा सके।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। साथी पुलिसकर्मियों ने शिवम के निधन को एक बड़ी क्षति बताया। वहीं मृतक बॉबी चौधरी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और जल्द ही फरार वाहन चालक को पकड़ने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button