
जन एक्सप्रेस संवाददाता, देहरादून। देहरादून जनपद में पंचायत चुनाव की तैयारियों के चलते 80 से अधिक प्राथमिक विद्यालयों के सभी शिक्षकों को चुनाव ड्यूटी में तैनात कर दिया गया है। इससे न केवल पठन-पाठन बाधित होने की संभावना है, बल्कि छात्रों की सुरक्षा और मिड-डे मील जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि दिव्यांग और एकल विद्यालयों के एकमात्र शिक्षकों को भी ड्यूटी से मुक्त नहीं किया गया है। कई ऐसे स्कूल हैं जहां एक भी शिक्षक नहीं बचा है, जिससे वहां के छात्रों को अपने हाल पर छोड़ दिया गया है।
शिक्षक संघ ने प्राथमिक शिक्षा निदेशक प्रारंभिक श्री प्रेमलाल भारती को पत्र भेजकर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया है। संघ अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रावत ने मांग की है कि बरसात के इस संवेदनशील मौसम में एकल और दिव्यांग शिक्षकों को ड्यूटी से मुक्त रखा जाए ताकि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रभावित स्कूलों में शामिल हैं:
राजकीय प्राथमिक विद्यालय पंडितवाड़ी, रायवाला, डोईवाला, शाहपुर कल्याणपुर, पथरौली, गौहरी माफी, बड़ैत, मलोग, सहस्रधारा, बोक्शा बस्ती, चामासारी, मालदेवता रायपुर, रामगढ़, कूनवाला, सिम्यारी, कचटा, रासोलपुर, पानवा, बंशीवाला, तिमली, जमनीपुर आदि।
यह स्थिति यह सवाल उठाती है कि क्या चुनाव ड्यूटी तय करते समय शिक्षा विभाग और प्रशासन ने छात्रों के भविष्य और सुरक्षा पर पड़ने वाले प्रभाव पर कोई विचार किया?






