यूपी में विकास कार्यों की समीक्षा आज, ACS संजय प्रसाद करेंगे बैठक
मुख्यमंत्री के निर्देश पर होगी अहम बैठक, सभी मंडलायुक्त व डीएम ऑनलाइन होंगे शामिल, तबादलों की अटकलें तेज

जन एक्सप्रेस/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों को लेकर आज एक अहम प्रशासनिक बैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद आज प्रदेश में चल रहे शासन की वरीयता वाले विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। यह समीक्षा बैठक मुख्यमंत्री के सीधे निर्देश पर आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश के सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और नगर आयुक्त एनआईसी के माध्यम से ऑनलाइन जुड़ेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों और समयबद्ध प्रगति की विस्तार से समीक्षा की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक सिर्फ औपचारिक नहीं मानी जा रही है। माना जा रहा है कि समीक्षा के बाद अधिकारियों के प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक तबादले भी हो सकते हैं। खराब प्रगति और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख़्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। खास बात यह है कि यह पहला मौका है जब मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर से विकास कार्यों की सीधी समीक्षा की जा रही है। इससे यह संकेत भी मिल रहा है कि सरकार अब योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रशासनिक हलकों में इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसके नतीजे प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था और आगामी रणनीति पर सीधा असर डाल सकते हैं।






