सुतौली गांव की प्रधान पर धन गबन के आरोप, डीएम ने खाते पर लगाई रोक

जन एक्सप्रेस/खुटहन: बदलापुर विकास खंड के सुतौली गांव के प्रधान पर सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में जिलाधिकारी ने उनके खाते पर रोक लगा दी है। प्रकरण की पुनः जांच के लिए डीएम ने जिलापूर्ति अधिकारी और अधिशासी अभियंता को नामित कर एक माह के भीतर आख्या प्रस्तुत किए जाने का आदेश दिया है। तब तक प्रधान के वित्तीय व प्रशासनिक कार्यों पर भी रोक लगा दी गई है।
उक्त ग्राम पंचायत के राजस्व गांव सियरावासी निवासी श्रीकृष्ण तिवारी, देवेंद्र तिवारी और दीपक तिवारी ने महीनों पूर्व जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि गांव की प्रधान संगीता देवी पत्नी अवधेश तिवारी के द्वारा गांव के विकास की विभिन्न योजनाओं से प्राप्त लाखों रुपए सरकारी धन का गबन कर लिया गया है। आरोपों के स्थलीय जांच के लिए जिलाधिकारी ने जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी और अधिशासी अभियन्ता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को नामित किया था। गत 14 अगस्त को दोनों जांच अधिकारी गांव पहुंच ग्रामीणों की मौजूदगी में, प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिसमें आरोप सत्य पाये गये।
प्रधान व सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया। प्रधान और सचिव के द्वारा दिए गए आय व्यय का ब्योरा संतोष जनक नहीं पाए जाने पर डीएम ने तत्काल प्रभाव से खाते के संचालन पर रोक लगा दी। जिलाधिकारी ने पुनः दोबारा जांच के लिए जिलापूर्ति अधिकारी और अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को नामित किया है। एक माह के भीतर जांच कर आख्या प्रस्तुत किए जाने का आदेश दिया है।






