
जन एक्सप्रेस/पौड़ी: जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने जनपद में मुख्यमंत्री घोषणाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी कार्य में शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कार्यदायी संस्थाओं को तत्काल बदला जाएगा।
बुधवार को जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विधानसभावार समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार, लैंसडाउन, चौबट्टाखाल और यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्रों की घोषणाओं की विस्तृत प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से धन आवंटन, भौतिक प्रगति, डीपीआर की स्थिति और लंबित कार्यों के कारणों की जानकारी ली। उन्होंने सभी लंबित कार्यों के लिए विभागवार समयसीमा तय करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही फील्ड निरीक्षण और उपजिलाधिकारियों के साथ संयुक्त मौका मुआयना सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्रों की समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से जनपद में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।





