उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

एडीजी ने सोनौली बॉर्डर सुरक्षा का लिया जायजा

एडीजी ने नेपाल राष्ट्र के सुरक्षा अधिकारियों और प्रशासनिक प्रतिनिधियों के साथ की संयुक्त बैठक

जन एक्सप्रेस/सोनौली: महराजगंज नवरात्रि पर्व पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी को और मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) मूथा अशोक जैन ने बुधवार को सोनौली बॉर्डर का निरीक्षण किया और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए।

एडीजी श्री जैन ने एसएसबी बीओपी कैंप कार्यालय में नेपाल राष्ट्र के सुरक्षा अधिकारियों और प्रशासनिक प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में सीमा पार की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने का निर्णय लिया गया। दोनों देशों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय से किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम का भरोसा जताया।
इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निरीक्षण करते हुए एडीजी ने यात्रियों की आवाजाही और चेकिंग व्यवस्था को और सख्त बनाने पर बल दिया। वहीं, सोनौली कोतवाली परिसर में सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक कर अवैध तस्करी, और मादक पदार्थों पर प्रभावी रोकथाम को लेकर रणनीति तैयार की गई। उन्होंने सीमा क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी तेज करने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना साझा करने पर जोर दिया। एडीजी जैन ने कहा कि नवरात्रि के दौरान देवी स्थलों पर भारी भीड़ जुटती है, ऐसे में सीमा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button