दिल्ली/एनसीआर

दिल्ली के स्कूलों में कक्षाओं के निर्माण में घोटाले का लगाया आरोप

दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी ने शुक्रवार को सतर्कता निदेशालय की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दिल्ली के सरकारी स्कूलों में कक्षाओं के निर्माण में घोटाला होने का आरोप लगाया और इसकी सीबीआई से जांच कराने की मांग की।

तिवारी ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि सतर्कता निदेशालय ने पिछले महीने लोकायुक्त को यह रिपोर्ट सौंपी थी। तिवारी ने 2018 में दिल्ली सरकार के स्कूलों में कक्षाओं के निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर लोकायुक्त से शिकायत की थी।

भाजपा सांसद ने कहा, अर्द्ध-स्थायी स्कूलों का निर्माण 32 लाख रुपये की लागत से किया गया, जबकि नगर निगमों द्वारा स्थायी कक्षाओं का निर्माण नौ लाख रुपये में किया गया था।

तिवारी ने कहा, सतर्कता निदेशालय द्वारा लोकायुक्त को सौंपी गई रिपोर्ट में स्पष्ट कहा गया है कि कक्षाओं की संख्या 7,180 थी, जो घटकर 4,126 हो गई, लेकिन इसके लिए बजट में किसी भी प्रकार की कोई कटौती नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यह मामला केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया जाना चाहिए।

भाजपा की दिल्ली इकाई के सचिव हरीश खुराना ने कहा कि समय आ गया है कि इस ‘घोटाले’ के लिए जिम्मेदार लोगों को जेल में डाल दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button