हरदोई की दीप्ति ने PCS बनकर किया कमाल,प्रदेश में छठी रैंक हासिल की

जन एक्सप्रेस/हरदोई: कड़ी मेहनत,लगातार असफलताओं से जूझने का हौसला और परिवार के अटूट समर्थन ने हरदोई की मूल निवासी दीप्ति वर्मा को आखिरकार सफलता के शिखर तक पहुंचाया।उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (PCS) परीक्षा में तीसरे प्रयास में सफलता हासिल कर अपने सपने को साकार किया।मल्लावां विकास खंड के पुरवावा गांव की दीप्ति वर्तमान में लखनऊ के विकास नगर में अपने परिवार के साथ रहती हैं।उनके पिता देवेंद्र सिंह वर्मा एलआईसी में अभिकर्ता हैं और माता पूनम वर्मा गृहिणी हैं।परिवार का शिक्षित और प्रेरक माहौल ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना।
दीप्ति ने सेंट फिदलिस इंटर कॉलेज,लखनऊ से विज्ञान वर्ग में हाईस्कूल में 90.4% और इंटर में 94.5% अंक हासिल किए।इसके बाद लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी में 72% अंक प्राप्त किए। 12वीं के बाद ही उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया। शुरुआत में उनका फोकस UPSC पर था, जहां कई बार असफलता मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।हर असफलता से उन्होंने सीख लेकर तैयारी को और मजबूत किया और अंततः PCS पर ध्यान केंद्रित कर तीसरे प्रयास में सफलता प्राप्त की।
उनकी सफलता के पीछे अनुशासित दिनचर्या और स्मार्ट रणनीति रही।वह रोजाना सुबह से शाम तक लाइब्रेरी में पढ़ाई करती थीं,सीमित और उपयोगी अध्ययन सामग्री,नियमित रिवीजन,मॉक टेस्ट और आत्ममूल्यांकन उनकी तैयारी का हिस्सा रहा।दीप्ति ने प्रदेश में छठी रैंक हासिल की।उनके अनुसार परिवार का सहयोग और सही रणनीति ही सफलता की कुंजी है।उनकी कहानी यह सिखाती है कि असफलता अंत नहीं,बल्कि सफलता की ओर बढ़ने का जरिया है।






