
जन एक्सप्रेस/विकासनगर: जौनसार-बावर क्षेत्र के गौरव एवं अमर शहीद वीर केसरी चंद की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले प्रसिद्ध मेले को अब उत्तराखंड सरकार ने राजकीय मेला घोषित कर दिया है। इस घोषणा के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
चकराता के चोली थात (रामताल गार्डन) में हर वर्ष 3 मई को आयोजित होने वाला यह मेला लंबे समय से राजकीय दर्जे की मांग कर रहा था। अब सरकार द्वारा इस मांग को मंजूरी मिलने पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री खजान दास का आभार व्यक्त किया है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा वरिष्ठ नेता रामशरण नौटियाल ने कहा कि यह जौनसार-बावर की जनता के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्रवासियों से किया गया वादा पूरा किया है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले में मुख्यमंत्री और मंत्री खजान दास स्वयं शामिल हुए थे और मेले को राजकीय दर्जा देने का आश्वासन दिया था। अब इस घोषणा से क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।
वीर केसरी चंद आजाद हिंद फौज से जुड़े स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने देश की आजादी के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके सम्मान में आयोजित यह मेला सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
राजकीय मेला घोषित होने के बाद अब मेले को सरकारी सहयोग, बेहतर सुविधाएं और व्यापक प्रचार-प्रसार मिलेगा। इससे स्थानीय पर्यटन और जौनसार-बावर की संस्कृति को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रामशरण नौटियाल ने कहा कि यह निर्णय नई पीढ़ी को शहीद केसरी चंद के बलिदान और देशभक्ति से जोड़ने का माध्यम बनेगा।






