दुस्साहस : कवरेज के दौरान अराजक तत्वों ने पत्रकार के साथ की मारपीट, मुकदमा दर्ज

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जनपद की पट्टी कोतवाली इलाके के एक गांव में अवैध कब्जे की शिकायत पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पैमाइश के लिए गयी थी जहां कवरेज के लिए गये एक पत्रकार के साथ अराजक तत्वों ने मारपीट की। मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी।
मिली जानकारी के अनुसार पट्टी थाना क्षेत्र के सांगापट्टी गांव निवासी विशाल कुमार पत्रकार हैं। थाना क्षेत्र अंतर्गत पट्टी रानीगंज मार्ग पर पुरेघना गांव में बुधवार शाम लगभग चार बजे सरकारी स्कूल की जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश व अन्य कार्रवाई के प्रकरण में समाचार संकलन हेतु मौके पर गये थे। इस दौरान उनके साथ लगभग आधा दर्जन दबंगों द्वारा मारपीट की गयी। पत्रकार ने पट्टी कोतवाली में तहरीर देते हुए ये आरोप लगाया है कि जब वह अपना मोबाइल निकालकर घटनाक्रम का वीडियो व फोटो बनाने लगे तो वहां मौजूद लगभग आधा दर्जन अराजक तत्वों ने उनका मोबाइल छीन लिया और जमीन पर पटक दिया साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अपमानित किया। इतना ही नहीं उसके बाद दबंगों ने लाठी डंडे से उन पर हमला भी बोल दिया। अराजक तत्वों ने बेरहमी से उन्हें मारा पीटा और घायल कर दिया। साथ ही बाइक को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। हल्ला गुहार के बाद स्थानीय लोगों के पहुंचते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गये। चर्चा है कि राजस्व विभाग द्वारा की जा रही पैमाइश व अन्य कार्रवाई के दौरान अगर सम्बन्धित थाने की पुलिस वहां मौजूद होती तो शायद ये घटना टल जाती। फिलहाल पुलिस पत्रकार की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच में जुटी है।






