
जन एक्सप्रेस देहरादून। उत्तराखंड में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेशभर में भारी बारिश की संभावना जताई है। खासकर पर्वतीय जिलों में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में रविवार को भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
इसी तरह उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और नैनीताल जैसे जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिलसिला 20 अगस्त तक जारी रह सकता है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
सावधानी जरूरी राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम की ताजा जानकारी पर नज़र रखें। संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।






