योगी सरकार का बड़ा फैसला: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलेगा स्मार्टफोन

जन एक्सप्रेस/उत्तर प्रदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मध्य प्रदेश के धार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ (17 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2025) और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह (17 सितंबर से 16 अक्टूबर, 2025) की शुरुआत की। इसे अब तक के सबसे बड़े स्वास्थ्य अभियानों में से एक माना जा रहा है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर और केजीएमयू में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों की शुरुआत की। उन्होंने घोषणा की कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन वितरित किए जाएंगे और उनके मानदेय में भी वृद्धि की जाएगी।
यूपी में 20,000 से अधिक स्वास्थ्य शिविर
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में 20,324 स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष जांच और इलाज की व्यवस्था होगी। इन शिविरों में ब्लड प्रेशर, शुगर, कैंसर, एनीमिया और टीबी जैसी बीमारियों की निशुल्क जांच की जाएगी। इसके साथ ही 507 रक्तदान शिविर भी आयोजित होंगे। योगी ने कहा कि यह अभियान केवल जांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मुफ्त उपचार और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधा भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए मेडिकल कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और आरोग्य मंदिर को जोड़ा गया है।
नारी शक्ति पर खास जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि माताओं, बहनों और बेटियों का स्वास्थ्य उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं को राष्ट्र प्रगति का आधार बताते हुए उन्हें विकसित भारत के विजन का अहम स्तंभ करार दिया। सीएम योगी ने भी नारी सशक्तीकरण की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदना, कन्या सुमंगला और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी पहल से नए भारत की दिशा तय हो रही है। उन्होंने कहा कि यूपी में अब तक 1.89 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों और 10 लाख महिला स्वयं-सहायता समूहों के जरिए करीब 1 करोड़ महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं। THR प्लांट्स से 60,000 महिलाएं हर महीने 8,000 रुपये तक कमा रही हैं और आने वाले समय में नेफेड के सहयोग से उनकी आय और बढ़ेगी।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर खास तोहफा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराते हुए पोषाहार वितरित किया। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी का 75वां जन्मदिन उनके संकल्पों और अभियानों से जोड़ रहा है।






