जिला अस्पताल की बड़ी लापरवाही, टॉर्च की रोशनी में मरीजों को लगाए जा रहे टांके – वीडियो वायरल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड से मेडिकल लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें डॉक्टर और स्टाफ मोबाइल टॉर्च की रोशनी में मरीजों को टांके लगाते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, इमरजेंसी वार्ड में अचानक लाइट न रहने के बावजूद वैकल्पिक व्यवस्था न करते हुए डॉक्टरों ने मोबाइल की टॉर्च के सहारे ही घायलों का उपचार शुरू कर दिया। वीडियो में दिख रहा है कि अंधेरे में मरीजों को टांका लगाया जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि जिला अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर ऐसी स्थिति बेहद शर्मनाक है। वहीं लोगों ने प्रशासन से इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल प्रशासन का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।






