लखनऊ

बकरीद को देखते हुए अकबर नगर में बुलडोजर को गति बढ़ाने के निर्देश

लखनऊ । लखनऊ विकास प्राधिकरण के कई बुलडोजर चार दिनों से अकबर नगर में गरज रहे हैं। मध्यम गति से गरज रहे बुलडोजर को बकरीद को देखते हुए गति बढ़ाने के निर्देश दिये गये हैं।

उत्तर प्रदेश की राजधानी में कुकरैली नदी की जमीन को खाली कराने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण के बुलडोजर लगातार कार्य कर रहे हैं। बुधवार को नदी की जमीन पर बसाये गये अकबर नगर को खाली कराने के लिए बुलडोजर मैदान में उतर गये। इस दौरान कुछ मकानों में महिला-पुरुष दिखाये दिये तो उन्हें चेतावनी देकर मकान खाली कराये गये।

एक महिला के अपने मकान छोड़ने को तैयार ना होने पर उसे महिला पुलिसकर्मियों ने जबरदस्ती हटाया। फिर भी वह महिला मौके पर डटी रही और कुछ मिनटों तक वहां हंगामा मचा रहा। इसी बीच वहां अकबर नगर के लोगों ने उस महिला को समझाने की कोशिश की। अंत में उस महिला को उसके परिजन वहां से ले गये।

अभी भी अकबर नगर में एक दर्जन के करीब मकानों में लोग डटे हुए हैं। वे अपने मकान छोड़कर नहीं जा रहे हैं। उनका कहना है कि अकबर नगर में पैदा हुए हैं और यही दम तोड़ देंगे लेकिन अपने मकान नहीं छोड़ेंगे। अकबर नगर क्षेत्र की बिजली काट दी गयी है। वे भीषण गर्मी में अपने मकान में पड़े हुए हैं। यहां से जाने वाले नहीं हैं।

वहीं लखनऊ विकास प्राधिकरण को बकरीद तक अवैध मकानों को जमीदोज करने के निर्देश मिले हैं। बुलडोजर के माध्यम से बुधवार से अगले तीन दिनों तक तेजी से कार्य होना है। मौके पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, सचिव, अपर सचिव समेत नगर निगम और लखनऊ पुलिस के अधिकारियों का भी आवागमन लगा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button