दुबई में बना भव्य और दिव्य मंदिर
दुबई शॉपिंग के लिए जाते हैं, बुर्ज खलीफा देखने के लिए जाते हैं लेकिन अब यहां जो भव्य और दिव्य हिंदू मंदिर बना है वह भी दुबई के मुख्य आकर्षणों में शुमार हो गया है। मुस्लिम बाहुल्य दुबई में बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं जिसमें खासकर हिंदू आबादी को इस मंदिर के बन जाने से बड़ी खुशी हुई है क्योंकि अब तक यहां उनका कोई उपासना स्थल नहीं था। दुबई का हिंदू मंदिर देखने के लिए सिर्फ स्थानीय लोग ही नहीं आ रहे बल्कि पूरे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के हजारों निवासी दर्शन के लिये उमड़ रहे हैं। वैसे इस मंदिर को औपचारिक रूप से आम लोगों के लिए हालांकि पांच अक्टूबर को दशहरे के दिन खोला जाएगा लेकिन फिलहाल लोगों को स्लॉट बुक कराके मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। हम आपको बता दें कि भले यह हिंदू मंदिर हो लेकिन यहां सभी धर्मों के लोगों का स्वागत है। यहां स्थापित 16 देवताओं की मूर्तियां देखने और मंदिर की भव्य साज सज्जा को अपने कैमरे में कैद करने के लिए बड़ी संख्या में उपासक और आगंतुक आ रहे हैं।


