utrakhandउत्तरकाशी

उत्तरकाशी: कांवड़ यात्रा मार्ग पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 15 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने गंगोत्री यात्रा मार्ग पर संचालित लंगर भंडारों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के दौरान नागणी में साईं सेवादल रोहतक, ताछला में शिवशक्ति कांवड़ सेवा तथा फकोट में शिवशक्ति सेवा टूरिस्ट, स्वरूपनगर (दिल्ली) द्वारा संचालित लंगर भंडारों का खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्र किए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी लंगर संचालकों को श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, ताजा और गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कृत्रिम एवं हानिकारक खाद्य रंगों का प्रयोग न करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश लंगर भंडारों में भोजन व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

अभियान के दौरान कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इनमें मिठाई, मठरी, बालूशाही, बर्फी, चावल, आटा और बेसन सहित अन्य खाद्य सामग्री शामिल हैं।

निरीक्षण दल में सहायक आयुक्त (खाद्य) प्रमोद रावत एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान मौजूद रहे।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी उद्देश्य से आगे भी यात्रा मार्ग पर नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाए जाएंगे, ताकि सभी लंगर भंडारों में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button