पिहानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 252 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/हरदोई: नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिहानी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में की जा रही सख्त कार्रवाई के क्रम में पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना पिहानी क्षेत्र के गजुआखेड़ा गांव निवासी रत्नेश पुत्र रामभरोसे को 252 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई उस समय की गई जब पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।
इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल, उपनिरीक्षक श्यामबाबू, कुलदीप सहित आरक्षी मनोज कुमार, जय भारत, राहुल यादव और जयपाल की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।






