शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: जौनपुर में एक करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, दो गिरफ्तार
एसटीएफ व पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सिकरारा पुलिस एवं एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक डीसीएम वाहन से 435 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ० कौस्तुभ द्वारा अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सिकरारा उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस व एसटीएफ टीम ने आयुष्मान आरोग्य उपकेंद्र सिकरारा के पास वाहन संख्या UK06CB6696 (आईसर डीसीएम) को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से राजधानी व्हिस्की 750 एमएल की कुल 5220 बोतलें, कुल मात्रा लगभग 3915 लीटर, बरामद की गई। मौके से दो अभियुक्त पंकज पाल उर्फ टिटू निवासी मुरादाबाद तथा प्रिन्स श्रीवास्तव उर्फ सिंटु निवासी वाराणसी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना सिकरारा में मु.अ.सं. 38/26 अंतर्गत बीएनएस की सुसंगत धाराओं एवं आबकारी अधिनियम की धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना सिकरारा पुलिस व एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए बधाई दी है।



