राजधानी में जीएसटी चोरों पर बड़ा शिकंजा
फर्जी फर्मों की सूची पुलिस के हवाले, अब होगी कड़ी कार्रवाई

जन एक्सप्रेस/लखनऊ: माल एवं सेवा कर जीएसटी की चोरी करने वाले फर्जी कारोबारियों पर अब सरकार का डंडा चलने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद राज्य कर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की दिशा में कदम बढ़ा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, राज्य कर विभाग ने सात फर्जी फर्मों की पहचान कर उनके दस्तावेज शासन को भेज दिए हैं। यह सूची अब गृह विभाग के जरिए पुलिस को सौंपी जाएगी, जिसके बाद शुरू होगी उन कारोबारियों की कानूनी घेराबंदी और धर-पकड़, जिन्होंने फर्जी फर्म बनाकर सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का चूना लगाया है।
कम राजस्व वसूली वाले ज़ोन भी रडार पर
इतना ही नहीं, सरकार अब कम राजस्व वसूली करने वाले ज़ोन की भी गहन समीक्षा कर रही है। ऐसे ज़ोन जहां से अपेक्षित टैक्स वसूली नहीं हो रही है, वहां कमी की असली वजहों की जांच की जाएगी और ज़रूरत पड़ी तो अफसरों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
फर्जीवाड़ा अब नहीं बचेगा
यह पूरी कार्ययोजना मुख्यमंत्री कार्यालय की निगरानी में आगे बढ़ रही है। सूत्रों के अनुसार, अब राज्य कर विभाग हर फर्जी फर्म का पूरा डेटा शासन को देगा और वहां से गृह विभाग की मंजूरी के बाद पुलिस जांच और मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सरकार का यह सख्त संदेश साफ है –
टैक्स चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
राजस्व चोरी करने वाली फर्जी कंपनियों के खिलाफ पहली बार इस स्तर की आपराधिक कार्रवाई की जा रही है, जो आने वाले समय में बड़े कारोबारियों और बिचौलियों के लिए चेतावनी बन सकती है।






