जन्मदिन की पार्टी में चली गोली, युवक गंभीर रूप से घायल – आरोपी फरार

जन एक्सप्रेस/लखनऊ: राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बेलीखुर्द गांव में जन्मदिन की खुशी उस वक्त मातम में बदल गई जब पार्टी के दौरान कहासुनी के बाद एक युवक को गोली मार दी गई। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राम सूचित (35 वर्ष) पुत्र बैजनाथ रावत अपने परिचित की जन्मदिन पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी मुकेश नामक युवक से हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि मुकेश ने गुस्से में आकर तमंचा निकाल लिया और राम सूचित के सीने में गोली मार दी।
घायल राम सूचित को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हा0लत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी मुकेश की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम हो सकती है, हालांकि अन्य सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
गांव में दहशत का माहौल
इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
एसएचओ गोसाईगंज ने बताया: “घटना गंभीर है। आरोपी की पहचान हो चुकी है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायल का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।”






