Politicsउत्तर प्रदेशलखनऊ

सपा सुप्रीमो के जन्मदिन पर भाजपा नेता का ‘विवादित’ पोस्टर, तीखे शब्दों में दी बधाई

जन एक्सप्रेस/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिवस पर जहां एक ओर शुभकामनाओं का तांता लगा, वहीं दूसरी ओर भाजपा युवा मोर्चा के नेता ने एक विवादित पोस्टर जारी कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी।

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अमित त्रिपाठी द्वारा लगाए गए इस पोस्टर में अखिलेश यादव पर तीखा व्यंग्य करते हुए लिखा गया:

“दलितों से लाभ लेने वाले, ब्राह्मणों के नाम पर वोट लेने वाले, पिछड़ों को सिर्फ वोट बैंक समझने वाले, गुंडे-बदमाशों की फौज के लीडर और माफियाओं का हर सुख-दुख में साथ देने वाले, उत्तर प्रदेश को आपराधिक प्रदेश में तब्दील करने वाले नेता श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं!”

त्रिपाठी ने आगे प्रभु श्रीराम से यह कामना भी की कि “प्रदेश की रक्षा और महिलाओं की सुरक्षा के लिए अखिलेश यादव की सत्ता में वापसी कभी न हो।”

इस पोस्टर के लगते ही सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने लगीं और राजनीतिक गलियारों में चर्चा गर्म हो गई। सपा समर्थकों ने इसे “घटिया राजनीति” करार देते हुए भाजपा पर निशाना साधा, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे “सच्चाई की तस्वीर” बताया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह पोस्टर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले के माहौल को और गर्म कर सकता है। वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

एक जन्मदिन, और एक पोस्टर — और यूपी की राजनीति में फिर से बयानबाज़ी का नया अध्याय शुरू।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button