रक्तदान महादान : एसपी ने पुलिस लाइन में किया रक्तदान शिविर का उद्घाटन
पुलिसकर्मियों ने रक्तदान कर लिया मानवता की सेवा का संकल्प

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़: जिले में रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय एवं डॉ. सोने लाल पटेल स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के सौजन्य से आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन एसपी दीपक भूकर द्वारा फीता काटकर किया गया। इस दौरान एसपी दीपक भूकर ने कहा कि रक्तदान महादान है। इससे न केवल जरूरतमंद व्यक्तियों का जीवन बचाया जा सकता है बल्कि यह समाज में मानवता एवं सहयोग की भावना को भी सशक्त बनाता है। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया और सभी पुलिस कर्मियों को ऐसे मानवीय कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। रक्तदान शिविर में रिक्रूट आरक्षियों सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया एवं स्वेच्छा से रक्तदान किया। चिकित्सालय की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम द्वारा प्रतिभागियों का चिकित्सकीय परीक्षण करने के बाद रक्त एकत्र किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल, प्रतिसार निरीक्षक राजीव राय, तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पुलिस लाइन प्रशासन द्वारा किया गया। एसपी दीपक भूकर द्वारा चिकित्सक टीम एवं रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी आयोजनों को निरंतर रूप से आयोजित करने का आह्वान किया गया।






