यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बसपा
मायावती ने संगठन में आवश्यक फेरबदल के संकेत दिए, बीजेपी सरकार पर साधा निशाना

जन एक्सप्रेस/लखनऊ।बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) प्रमुख मायावती की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश स्टेट यूनिट के राज्य, मंडल, जिला एवं विधानसभा स्तर के सभी छोटे-बड़े पदाधिकारियों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा आम चुनाव को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया और संगठन को और अधिक मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई।बैठक को संबोधित करते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता विरोधी दलों के साम, दाम, दंड, भेद जैसे हथकंडों तथा कुछ स्वार्थी दलित संगठनों के षड्यंत्रों का डटकर मुकाबला करते हुए पूरी निष्ठा के साथ संगठन निर्माण के मिशन में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए संगठन में आवश्यक फेरबदल किया जाना जरूरी है, ताकि पार्टी आगामी चुनाव में पूरी मजबूती के साथ उतर सके।मायावती ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ मुट्ठीभर स्वार्थी लोगों को छोड़ दिया जाए तो प्रदेश का लगभग हर वर्ग मौजूदा सरकार से दुखी और त्रस्त है। उन्होंने विशेष रूप से ब्राह्मण समाज का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वर्ग अपनी उपेक्षा, असुरक्षा और असम्मान को लेकर मुखर है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। उन्होंने कहा कि बीएसपी शासनकाल में ब्राह्मण समाज सहित सर्वसमाज को पूरा सम्मान, पद और न्याय दिया गया।बसपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों को अब अपने “अच्छे दिन” के लिए बेहतर सड़क, बिजली, पानी, ट्रैफिक व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, अस्पताल और रोजगार सहित समतामूलक विकास की सख्त जरूरत है, जिसे केवल बसपा ही सुनिश्चित कर सकती है।मायावती ने एसआईआर (Special Intensive Revision) के संदर्भ में सरकार से अपील की कि आमजन को वोटर बनने की प्रक्रिया में सहानुभूतिपूर्वक सहयोग किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रह जाए।
उन्होंने संसद के वर्तमान बजट सत्र पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और विपक्ष के बीच तीखे टकराव के कारण सत्र लगातार हंगामे, स्थगन, निलंबन और बहिष्कार से प्रभावित हो रहा है। मायावती ने कहा कि संसद में सवाल-जवाब के साथ सभी को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए, ताकि जनता तथ्यों के आधार पर सही और गलत का आकलन स्वयं कर सके।






