
जन एक्सप्रेस रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कार्बेट नेशनल पार्क की रोमांचक जंगल सफारी में शिरकत की। प्रकृति की गोद में बसे इस राष्ट्रीय उद्यान में उन्होंने वन्यजीवों की दुर्लभ झलक और जैव विविधता का अनुभव किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से अब उत्तराखंड जंगल सफारी पर्यटन का नया केंद्र बनता जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “देश-विदेश से पर्यटक उत्तराखंड की वादियों की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे न केवल राज्य की पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को बल मिल रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के नए अवसर भी मिल रहे हैं।”
‘एक पेड़ माँ के नाम’: वृक्षारोपण को बना दिया भावनाओं का प्रतीक
कार्बेट सफारी के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 1000 से अधिक पौधे रोपे। यह अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मातृत्व और प्रकृति के प्रति सम्मान का सशक्त संदेश भी देता है। इस वृक्षारोपण में वन विभाग, स्थानीय लोग और पर्यावरण प्रेमियों ने मिलकर सहभागिता की।
वन कर्मियों को सराहना, संरक्षण को बताया सर्वोपरि
मुख्यमंत्री ने वन विभाग की टीम से भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
“जैव विविधता को संजोना हमारी जिम्मेदारी है, और इसके लिए वन विभाग की प्रतिबद्धता सराहनीय है,” उन्होंने कहा।






