कैसरबाग कचहरी में वकीलों के दो गुटों में हुई फायरिंग, दो घायल

जन एक्सप्रेस/लखनऊ: लखनऊ के वजीरगंज स्थित रेजीडेंसी इलाके में शनिवार वकीलों के दो गुटों के बीच पुरानी दुश्मनी ने हिंसक रूप ले लिया। चैंबर के भीतर बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हो गई, वकील कुंवर अंबिका सिंह और साकिब हसन को गोली लगी। दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। दोनों ने एक दूसरे पर फायरिंग का आरोप लगाया है। मड़ियांव निवासी कुंवर अंबिका सिंह उर्फ डब्बू सिंह के रिश्तेदार दिलीप सिंह का रेजीडेंसी के पास चैंबर है। अंबिका का कहना है कि शनिवार देर रात वह कुछ साथियों के साथ चैंबर में बैठे थे। इस दौरान मलिहाबाद निवासी अधिवक्ता साकिब हसन साथियों संग पहुंचे। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर बहस होने लगी। विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग शुरू हो गई। अंबिका को कमर, पैर, हाथ और साकिब को गर्दन के पास गोली लगी। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।